लखनऊ| लखनऊ राज्य सरकार ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए सचिव और विशेष सचिव स्तर के 20 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस बदलाव के तहत आजमगढ़, बलिया और इटावा जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) को भी बदला गया है। इसके अतिरिक्त, प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में प्रमोट हुए कुछ अफसरों को नई नियुक्तियां दी गई हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों की नई तैनातियां

सुधा वर्मा को सचिव (राजस्व) के पद से हटाकर अब नया श्रमायुक्त नियुक्त किया गया है, यह पद मार्कंडेय शाही के रिटायर होने के बाद से खाली चल रहा था। डॉ. सारिका मोहन, जो अब तक महानिदेशक और सचिव (चिकित्सा शिक्षा) की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, उन्हें महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है। वहीं, नेहा शर्मा को महानिरीक्षक निबंधन के पद से ट्रांसफर कर महानिदेशक और सचिव (चिकित्सा शिक्षा) की कमान सौंपी गई है। अरुण कुमार, जो भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में अपर महानिदेशक थे, अब उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन के नए मिशन निदेशक होंगे।

जे रीभा (विशेष सचिव, भूतत्व एवं खनिकर्म) को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ अपर निदेशक का एक्स्ट्रा प्रभार भी दिया गया है। दीपा रंजन को राज्य आजीविका मिशन के मिशन निदेशक पद से हटाकर संस्कृति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। संजय कुमार प्रथम (विशेष सचिव, संस्कृति एवं निदेशक धर्मार्थ कार्य) को विशेष सचिव संस्कृति के कार्यभार से मुक्त करते हुए अब निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। विशाल सिंह को विशेष सचिव संस्कृति, निदेशक सूचना और निदेशक संस्कृति विभाग के पदों से हटाकर अब विशेष सचिव संस्कृति और निदेशक संस्कृति के प्रभार से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है।

ये तबादले रहे सबसे ज्यादा चर्चा में

संदीप भागिया, जो गौतमबुद्धनगर में अपर आयुक्त (राज्य कर) और गाजियाबाद द्वितीय के अपर आयुक्त (राज्य कर) के पद पर तैनात थे और पिछले कुछ समय से विवादों में घिरे थे, उन्हें अब मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। परीक्षित खटाना को आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी पद से हटाकर गौतमबुद्धनगर का अपर आयुक्त (राज्य कर) नियुक्त किया गया है। राकेश कुमार पटेल (अपर आयुक्त, लखनऊ मंडल) को आजमगढ़ का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। रेणु तिवारी को विशेष सचिव (बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग) के पद से मुक्त कर दिया गया है, हालांकि वे विशेष सचिव (महिला कल्याण) और सचिव (राज्य महिला आयोग) के पद पर बनी रहेंगी।

जग प्रवेश को मथुरा-वृंदावन के नगर आयुक्त पद से हटाकर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह ओजस्वी राज (मुख्य विकास अधिकारी, बलिया) को मथुरा-वृंदावन का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। आलोक कुमार (एडीएम, वित्त/राजस्व) को प्रमोट करके बलिया का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।

अजय कुमार गौतम को इटावा के मुख्य विकास अधिकारी पद से हटाकर गाजियाबाद प्रथम का अपर आयुक्त (राज्य कर) बनाया गया है। संजय कुमार सिंह (एडीएम, प्रशासन) को इटावा का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, वेटिंग लिस्ट में चल रहे मनिकंदन ए को राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त बनाया गया है। डॉ. वंदना वर्मा (विशेष सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास) को सहकारी चीनी मिल्स संघ के संयुक्त प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।