उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड का कहर, उडरी गांव में कई मकानों को पहुंचा नुकसान
उत्तरकाशी। जिले में लगातार जारी मूसलाधार बारिश के बीच उडरी गांव में अचानक हुए भारी भूस्खलन से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पहाड़ी से अचानक विशालकाय बोल्डर और भारी मात्रा में मलबा खिसककर गांव की ओर आ गया। मलबे की चपेट में आने से पांच मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों के बाहर निकल जाने से कोई जनहानि नहीं हुई।
घरों में घुसा मलबा, सुरक्षित स्थानों की ओर भागे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के दौरान अचानक पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने लगे। देखते ही देखते मलबा कई मकानों के भीतर तक घुस गया। खतरे की आहट मिलते ही ग्रामीण अपने-अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। कई मकानों में भारी मात्रा में कीचड़ और मलबा भर जाने से घरेलू सामान को बड़ा नुकसान हुआ है।
संसाधनों के अभाव में खुद मलबा हटाने को मजबूर ग्रामीण
घटना के बाद गांव में लंबे समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सरकारी मदद का इंतजार करने के बजाय ग्रामीण खुद ही अपने घरों की छतों और आसपास जमा मलबे को हटाने के प्रयास में जुट गए। आवश्यक संसाधनों की कमी के कारण ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
भूस्खलन और जमीन धंसने का खतरा बरकरार
लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में दोबारा भूस्खलन होने और जमीन धंसने का खतरा लगातार बना हुआ है। आपदा के डर से ग्रामीण अपने आशियाने छोड़कर सुरक्षित जगहों पर शरण लेने को मजबूर हैं। क्षेत्र में अभी भी भय और तनाव का माहौल व्याप्त है।
CJP प्रदर्शन के दौरान नाबालिग से कथित बदसलूकी का मामला, SC ने सुरक्षा देने की बात कही
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सम्मेलन में भारत का विजन, PM मोदी बोले- मिलकर बनाएं बेहतर भविष्य
सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, भोपाल में 15 करोड़ की जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त
युवती की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, किराए के घर से शव बरामद; तीन दिन बाद प्रेमी गिरफ्तार