रुद्रपुर | बाजपुर स्थित मदरसा जामिया हनफिया रज़ाउल उलूम को राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सील कर दिया है। अचानक हुई इस प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं, मदरसा संचालक इरशाद अली ने इस कदम पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कार्रवाई की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं।

रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और रसीद दिखाने के बावजूद सीलिंग का आरोप

मदरसा संचालक का दावा है कि संस्थान के पंजीकरण की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी थी और तय शुल्क भी जमा कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि सीलिंग के दौरान अधिकारियों को आवेदन से जुड़े दस्तावेज और शुल्क भुगतान की रसीद दिखाई गई, लेकिन इसके बावजूद टीम ने मदरसे को सील कर दिया। संचालक का कहना है कि पूर्व में रुद्रपुर में हुई बैठक के दौरान मदरसों को पंजीकरण के लिए 30 सितंबर तक की मोहलत दी गई थी।

एसडीएम बाजपुर की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार

इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब प्रशासनिक रुख की प्रतीक्षा की जा रही है। एसडीएम बाजपुर ऋचा सिंह द्वारा सीलिंग के कारणों और कानूनी आधार की विस्तृत जानकारी दी जानी बाकी है। मदरसा प्रबंधक यह सवाल उठा रहे हैं कि यदि नियमानुसार पंजीकरण प्रक्रिया जारी थी, तो किस उल्लंघन के तहत यह सीधी कार्रवाई की गई।