देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस आक्रामक हो गई है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा और मामले में तत्काल राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कार्रवाई रोकने की मांग की।

कांग्रेस ने एफआईआर को बताया राजनीतिक षड्यंत्र

कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को पूरी तरह झूठा और निराधार करार दिया है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि दिल्ली में दी गई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बयानों को तोड़-मरोड़कर एससी/एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जो सीधे तौर पर सत्ता के दबाव में की गई कार्रवाई को दर्शाता है।

पुलिस प्रशासन के सामने रखी गईं मुख्य मांगें

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने डीजीपी के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष समीक्षा कर उसे तुरंत निरस्त किया जाए। इसके साथ ही, पिछले दिनों हल्द्वानी में रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण करने वाले लोगों के खिलाफ वीडियो साक्ष्य होने के बावजूद अब तक कार्रवाई न होने पर रोष जताया गया और उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की गई है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा।