सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर ठगी, पुलिस ने शुरू की जांच
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सरकारी नौकरी दिलवाने और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) में जब्त गाड़ियों की नीलामी के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। परिवहन विभाग के संज्ञान में आई दो अलग-अलग शिकायतों की शुरुआती जांच के बाद धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और रूप बदलकर ठगी (Impersonation) जैसे संगीन अपराध पाए गए हैं। इसके बाद विभाग ने संबंधित डालनवाला कोतवाली को मामले में प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
RTO में सस्ती गाड़ियों और नौकरी का झांसा देकर लाखों ऐंठे
पहली शिकायत 18 जुलाई 2026 को देहरादून निवासी ऋषि ने दर्ज कराई। पीड़ित का आरोप है कि आशीष शर्मा नाम के व्यक्ति ने खुद को आरटीओ विभाग से जुड़ा बताकर जब्त वाहनों की सस्ती नीलामी का प्रलोभन दिया और उनसे 1.54 लाख रुपये हड़प लिए। भुगतान के बदले फर्जी रसीदें और चेक थमा दिए गए। वहीं दूसरी शिकायत राकेश राठौर ने दर्ज कराई, जिनसे आरोपी आशीष शर्मा और उसके कथित भाई विपिन शर्मा ने बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 1 लाख रुपये और जेसीबी व गाड़ियों की नीलामी का झांसा देकर 3.80 लाख रुपये ठग लिए।
फर्जी मुहरों का इस्तेमाल, पुलिस को एफआईआर के निर्देश
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) संदीप सैनी ने बताया कि पीड़ितों द्वारा जमा कराए गए दस्तावेजों में विभागीय अधिकारियों के नाम की फर्जी मुहरों का इस्तेमाल होना पाया गया है। मामला अत्यंत गंभीर होने के कारण डालनवाला थाने को एफआईआर दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई के लिए औपचारिक पत्र भेजा गया है। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकियां दीं।
परिवहन विभाग की नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
इस ठगी के सामने आने के बाद परिवहन विभाग ने आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने अपील की है कि परिवहन सेवाओं से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक पोर्टल (www.transport.uk.gov.in) का ही उपयोग करें और चालान का भुगतान केवल 'ऑनलाइन परिवहन पोर्टल' (www.parivahan.gov.in) पर करें। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या एजेंट के झांसे में न आएं और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस अथवा विभाग को दें।
राहुल गांधी के साथ कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना, PM के इस्तीफे की मांग
रीवा में रीलबाज बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार; 8 अवैध तमंचों की बड़ी बरामदगी
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का उत्तराखंड दौरा, हल्द्वानी में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी