देहरादून उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी रेड-ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर चारधाम यात्रा को एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में भारी भूस्खलन होने के कारण मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कड़ा कदम उठाया गया है।

तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि, प्रशासन के निर्देशों का करें पालन

गढ़वाल आयुक्त ने सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर फंसे हुए सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए। रास्तों के पूरी तरह साफ और सुरक्षित होने के बाद ही यात्रा को दोबारा सुचारू किया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें। मौसम में सुधार होने तक अपने वर्तमान स्थानों पर ही सुरक्षित रहें।

ऋषिकेश में मौसम का हाल

उधर, ऋषिकेश और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार रुक-रुक कर बूंदाबांदी का दौर जारी है। आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं। प्रशासन लगातार नदियों के जलस्तर पर नजर रखे हुए है। फिलहाल गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी के निशान (339.50 मीटर) से नीचे, लगभग 338.34 मीटर पर बह रहा है, जिससे स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।