नैनीताल:नैनीताल जिले में दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए जिला प्रशासन ने एक बेहद कड़ा और सराहनीय कदम उठाया है। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से अब पूरे जिले में 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' (हेलमेट नहीं तो ईंधन नहीं) के नियम को पूरी कड़ाई के साथ धरातल पर उतार दिया गया है। प्रशासन के इस फैसले से अब बिना हेलमेट सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहन चालकों पर सीधा शिकंजा कसेगा।

परिवहन विभाग और जिला पूर्ति अधिकारी को मिले सख्त निर्देश

इस जनहितकारी नियम को अमलीजामा पहनाने के लिए जिलाधिकारी (DM) के आदेश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) की ओर से जिला पूर्ति अधिकारी को एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। इस आदेश के बाद जिले के सभी ईंधन केंद्रों (पेट्रोल पंपों) को साफ हिदायत दी गई है कि वे किसी भी ऐसे दुपहिया चालक को पेट्रोल न दें, जिसने हेलमेट न पहना हो।

पेट्रोल पंपों पर लगे जागरूकता बोर्ड, नियमों के उल्लंघन पर रहेगी नजर

प्रशासनिक आदेश मिलते ही जिले के तमाम पेट्रोल पंपों पर 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' के बड़े-बड़े चेतावनी और जागरूकता बोर्ड चस्पा कर दिए गए हैं। पंप कर्मियों को भी सख्त निर्देश हैं कि वे बिना हेलमेट आने वाले ग्राहकों को साफ मना कर दें। इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने और किसी भी प्रकार की लापरवाही को रोकने के लिए परिवहन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें लगातार पेट्रोल पंपों की औचक निगरानी भी कर रही हैं।