अमित दांगी@भोजपुर की आवाज़ मंडीदीप।

नर्मदापुरम रोड स्थित गैलेक्सी कॉम्प्लेक्स में शनिवार को जिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह ने ब्लॉक एवं जिला स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

अजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को आगामी 2028 के विधानसभा चुनाव को मजबूती से लड़ने के लिए अभी से तैयार रहना होगा। उन्होंने घर-घर बैठे कार्यकर्ताओं को पुनः सक्रिय करने और उनमें नई ऊर्जा का संचार करने की आवश्यकता पर बल दिया। सिंह ने संगठनात्मक ढांचे को चुस्त-दुरुस्त बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच एकता बढ़ाने और जनसंपर्क अभियान चलाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, पूर्व शिक्षा मंत्री राजकुमार पटेल, भोजपुर विधानसभा के प्रभारी विक्रम मस्ताल, जिला उपाध्यक्ष दीपेश मीणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनूप पाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष दशरथ मीणा समेत बड़ी संख्या में ब्लॉक एवं जिला स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव रखे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। बैठक के दौरान आगामी चुनावी रणनीति, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं को उठाने जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

यह बैठक कांग्रेस में नई ऊर्जा और एकजुटता का संदेश देने वाली मानी जा रही है। अजय सिंह के संवाद के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। कांग्रेस नेतृत्व अब आगामी दिनों में और भी बड़े स्तर पर संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में है।

संगठन मजबूत तो चुनाव आसान

अजय सिंह ने स्पष्ट कहा कि केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे समय कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे क्षेत्र में जनता की समस्याओं को पहचानें और पार्टी के माध्यम से उनका समाधान करवाएं।