नशा न केवल व्यक्ति का, बल्कि पूरे समाज का दुश्मन -ASP
भोजपुर की आवाज़@मंडीदीप।
मध्यप्रदेश पुलिस विभाग द्वारा 15 जुलाई से राज्यव्यापी स्तर पर चलाए जा रहे अभियान ‘नशे से दूरी है जरूरी’ के तहत औद्योगिक शहर मंडीदीप में सोमवार को एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शासकीय स्कूल मैदान, मंगल बाजार में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए और नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसेन दीपक नायक और एसडीओपी शीला सुराणा ने मुख्य रूप से संबोधित किया। दोनों अधिकारियों ने नशे के घातक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला और लोगों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक ने कहा, “नशे की लत एक ऐसी बीमारी है जो धीरे-धीरे इंसान को पूरी तरह नष्ट कर देती है। युवा पीढ़ी को इसकी चपेट में आने से बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।” एसडीओपी शीला सुराणा ने महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से जागरूक करते हुए नशे की तस्करी और सेवन के खिलाफ सतर्क रहने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मंडीदीप थाना प्रभारी रंजीत सराठे और सतलापुर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। स्कूली बच्चों द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली ने पूरे नगर में जोरदार प्रभाव छोड़ा। बच्चों ने नारे लगाते हुए और बैनर-तख्तियां लेकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
मध्यप्रदेश पुलिस का यह अभियान पूरे राज्य में नशे के खिलाफ जन-जागृति फैलाने का हिस्सा है, जिसमें स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
कांग्रेस संगठन में राजस्थान की मजबूत मौजूदगी, OBC महिला विंग में 9 का चयन
आंदोलन तेज: अभिजीत दीपके बोले- जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे
सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर ठगी, पुलिस ने शुरू की जांच